त्रिस्तरीय सुरक्षा के घेरे में ईवीएम
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
विधानसभा चुनाव प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 11 मार्च को होगा। ऐेसे में इलेक्ट्रोनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) को कड़ी सुरक्षा में रखा गया है। इसके लिए सीसीटीवी कैमरों की निगरानी के अलावा त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है। साथ ही मजिस्ट्रेटों की क्रमवार 24 घंटे ड्यूटी लगाई गई है।
ईवीएम टूंडला रोड स्थित मंडी समिति परिसर में स्थित स्ट्रांग रूम में रखी गई हैं। इन स्ट्रांग रूमों की सुरक्षा के तीन घेरे बनाए गए हैं। पहला घेरा अर्द्धसैनिक बल का है। दूसरा स्टेट आर्म्ड पुलिस और आखिर में पुलिस रहेगी। चप्पे-चप्पे पर सीसीटीवी कैमरे अलग से लगाए गए हैं। इनके अलावा तीन शिफ्टों में मजिस्ट्रेटों की 11 मार्च तक क्रमवार ड्यूटी लगाई गई है। पहली शिफ्ट सुबह आठ बजे से अपराह्न चार बजे तक, चार बजे से रात्रि 12 बजे और रात्रि 12 बजे से सुबह आठ बजे तक मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे।
इनसेट
चूहों से ईवीएम को खतरा
मंडी समिति में चूहों से ईवीएम को बचाना बड़ी चुनौती है। दरअसल, यहां काफी बड़े-बड़े चूहे हैं। ऐसे में वह अपने पैने दांतों से ईवीएम के प्लास्टिक के बॉक्से को कुतर सकते हैं। चूहों से इन्हें बचाने के लिए स्ट्रांग रूमों में चूहा मारने की दवा रखाई गई है।