मैनपुरी। संचारी रोगों की रोकथाम के लिए शुक्रवार को शहर में जागरूकता रैली निकाली गई। रैली को जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने रवाना किया। जिलाधिकारी ने कहा कि संबंधित विभाग के अधिकारी आपस में समन्वय स्थापित कर पूरी तन्मयता के साथ कार्य करें। सौपें गये दायित्वों का निर्वाहन करें। अभियान के दौरान लोगों को वेक्टर जनित बीमारियों से बचने के लिए बरती जाने वाली सावधानियों के प्रति जागरूक करें।
डीएम ने कहा कि संचारी रोग की रोकथाम के लिए गांव एवं शहर में रोस्टर के अनुसार फोगिंग, एंटीलार्वा का छड़काव किया जाए। जन-जागरूकता रैली कलेक्ट्रेट से प्रारंभ होकर स्टेशन रोड, भांवत चौराहा, करहल चौराहा, करहल रोड होते हुए बड़ा चौराहा, संता-बसंता चौराहा, तांगा स्टैण्ड होते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय पर समाप्त हुई।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. पीपी सिंह, एडीएम गणेश प्रसाद, उप जिलाधिकारी सदर नवोदिता शर्मा, डिप्टी कलेक्टर नरेंद्र सिंह, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव राय, डॉ. संजीव राव बहादुर, डॉ. अनिल वर्मा, डीएमसी यूनीसेफ संजीव पांडेय, डॉ. अनिल यादव, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी रविंद्र सिंह गौर, सहायक मलेरिया अधिकारी डॉ. एसएन सिंह मौजूद रहे।
स्कूलों और कॉलेजों में दिलाई गई छात्र-छात्राओं को शपथ
जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार वर्मा के निर्देश पर शुक्रवार को जिलेभर के कॉलेजों में छात्र-छात्राओं को संचारी रोगों से बचाव की शपथ दिलाई गई। जगह-जगह छात्र-छात्राओं द्वारा जागरूकता रैली निकाल लोगों को रोग से बचाव के लिए प्रेरित किया गया।