अमर उजाला के अभिनव अभियान ‘मां तुझे प्रणाम’ में 15 अगस्त को शहर के चौराहे दुल्हन की तरह सजाए जाएंगे। स्वाधीनता दिवस पर सुबह ठीक 10 बजे पूरा शहर राष्ट्रगान के सम्मान में 52 सेकेंड के लिए थम जाएगा।
शहर के समाजसेवी, स्वयंसेवी और राजनीतिक संगठनों से जुड़े लोग 65 से अधिक चौराहों को भव्य तरीके सजाने की तैयारियों के सिलसिले में अमर उजाला परिसर में जुटे। चौराहा सजाने वालों को पुरस्कृत भी किया जाएगा।
प्रथम पुरस्कार 11 हजार रुपये, द्वितीय 5100 रुपये और तीसरा पुरस्कार 3100 रुपये का होगा। दस सांत्वना पुरस्कार भी दिए जाएंगे। विजेताओं का निर्णय अमर उजाला द्वारा किया जाएगा। चौराहों की सज्जा में भाग लेने वाली सभी संस्थाओं को अमर उजाला की तरफ से प्रमाण पत्र भी दिए जाएंगे।
स्वाधीनता के सच्चे मायने युवा पीढ़ी को समझाए
आगरा विकास मंच के अध्यक्ष अशोक जैन सीए ने कहा कि अमर उजाला ने स्वाधीनता के सच्चे मायने युवा पीढ़ी को समझाए हैं। मां तुझे प्रणाम का सबसे बड़ा आयोजन 15 अगस्त को सुबह 10 बजे होने जा रहा है। राष्ट्रगान हर चौराहे पर भव्य ढंग से किया जाएगा। अब तो अमर उजाला के इस अभियान में राष्ट्रीय स्तर पर भी मीडिया को प्रचारित करना चाहिए। हर चौराहे को भव्य रूप देने के लिए शहरवासी जुट जाएं।
निजामुद्दीन ओवैसी ने कहा कि अमर उजाला ने आजादी के उत्सव को जन-जन तक पहुंचाने का काम किया है। चौराहों को सजाने वालों को संस्था की ओर से प्रशस्ति पत्र भी देने चाहिए।
सदर बाजार मार्केट एसोसिएशन के हिमांशु सचदेवा ने कहा कि सदर बाजार चौराहे को भव्य रूप से सजाने का काम किया जाएगा। इस दफा तिरंगे झंडों के साथ तिरंगे गुब्बारे और झालर की सजावट आकर्षण का केंद्र होगी।
सोसाइटी फार सोशल डेवलपमेंट के मुजम्मिल हसन ने कहा कि शहर के लोग 15 अगस्त को ठीक 10 बजे राष्ट्रगान के लिए एकत्रित होने लगे हैं, ये सब अमर उजाला की देन है। अब गांव-गांव तक इसे पहुंचाने की मुहिम शुरू करनी होगी।
रामलाल वृद्धाश्रम के अध्यक्ष शिव प्रसाद शर्मा ने कहा कि हर साल की तरह रामलाल वृद्धाश्रम की ओर से 52 सेकेंड के महत्व को शहर से गांव तक पहुंचाने के लिए वाहन रैली शुक्रवार की शाम चार बजे निकाली जाएगी। जागरूकता रैली का मकसद लोगों को राष्ट्रगान के लिए ठीक दस बजे प्रेरित करना है।
मां तुझे प्रणाम की गूंज गांवों तक पहुंचेगी
इनरव्हील क्लब की नीलू धाकरे ने कहा कि इस दफा पहली बार इनरव्हील क्लब और रोटरी क्लब संयुक्त रूप से सुभाष पार्क चौैराहे को सजाकर राष्ट्रगान कराएंगे। चौराहे का सौंदर्यीकरण कराने के बाद इसकी देखभाल भी करेंगे।
भाजपा नेता मोहन सिंह चाहर ने कहा कि अबकी बार मां तुझे प्रणाम की गूंज गांवों तक पहुंचेगी। पंद्रह अगस्त को कई ग्राम पंचायतों में एक साथ दस बजे राष्ट्रगान कराएंगे। इसके लिए जनसंपर्क किया जा रहा है।
कांग्रेस नेता सर्वेश अग्निहोत्री ने कहा कि घटिया आजम खां चौराहे पर राष्ट्रगान के लिए तैयारियां की जा रही हैं। अबकी दफा दुकानदारों को पत्र लिखकर 15 अगस्त को चौराहे पर पहुंचकर राष्ट्रगान में शामिल होने के लिए आमंत्रण भेजा गया है।
सामाजिक कार्यकर्ता सत्यदेव संजय बोले कि चौराहों पर लोगों को ज्यादा से ज्यादा राष्ट्रगान में शामिल कराने के लिए साउंड सिस्टम बेहतर होना चाहिए। इससे कार्यक्रम भव्य होगा।
वैचारिक जागरण मिशन ट्रस्ट की प्रतिभा जिंदल ने कहा कि अमर उजाला को हर चौैराहे पर जिस पर भी राष्ट्रगान कराया जाए, उसका नामकरण स्वाधीनता सेनानियों के नाम पर करना चाहिए। इस दफा हम भी इस यज्ञ में आहुति देंगे।
आगरा विकास मंच के संदेश जैन ने कहा कि चौराहों को सजाने पर पुरस्कार भी दिया जाएगा। प्रथम पुरस्कार के रूप में 11 हजार रुपये, द्वितीय 5100 रुपये और तीसरे पुरस्कार में 3100 रुपये की धनराशि मिलेगी। दस सांत्वना पुरस्कार भी होंगे।
नायब शहर काजी आगरा मौलाना उजैर आलम ने कहा कि चौराहों को सजाने के लिए हर संगठन अपना सौ फीसदी देता है। सभी प्रतिभागियों को प्रतीकात्मक ही सही पुरस्कार दिया जाना चाहिए।