फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आगरा मेट्रो में निवेश पर यूरोपियन बैंक को गर्व: उपाध्यक्ष ने किया निरीक्षण, कहा- विदेशी पर्यटकों को मिलेगी सहूलियत

Fri, 29 Apr 2022 04:14 PM IST
मुकेश कुमार अमर उजाला ब्यूरो, आगरा

सार

यूरोपियन निवेश बैंक उपाध्यक्ष केटल थॉमसन ने कहा कि आगरा दुनियाभर में ताजमहल के लिए मशहूर हैं। यहां मेट्रो में निवेश से विदेशी पर्यटकों को सहूलियत मिलेगी। यूरोपियन पर्यटक भी ताजमहल देखने आते हैं। 
विज्ञापन
यूरोपियन निवेश बैंक की टीम - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

यूरोपियन निवेश बैंक (ईआईबी) उपाध्यक्ष क्रिश्चियन केटल थॉमसन ने पांच सदस्यीय टीम के साथ बृहस्पतिवार को आगरा मेट्रो प्रोजेक्ट का निरीक्षण किया। एक साल में तीन स्टेशन बनने व निर्माण की गुणवत्ता पर संतुष्टि व्यक्त करते हुए उन्होंने उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपीएमआरसी) के एमडी कुमार केशव से कहा कि ताजमहल के शहर आगरा में मेट्रो प्रोजेक्ट के लिए निवेश करना ईआईबी के लिए गर्व की बात है। उन्होंने यूपी के अन्य शहरों में भी निवेश की इच्छा जताई है।

विज्ञापन


आगरा दौरे पर आए ईआईबी उपाध्यक्ष थॉमसन ने बृहस्पतिवार को पहले फतेहाबाद रोड पर निर्माणाधीन 3 किमी एलिवेटिड कॉरिडोर का मुआयना किया। एक साल में पाइलिंग, टी-गर्डर व ढांचागत कार्यों को सराहा। फिर पीएसी मैदान में आकार ले रही मेट्रो डिपो गए। यहां ट्रैक बिछाया जा रहा है। यहां से वह आगरा फोर्ट पहुंचे और भूमिगत स्टेशन के काम के तकनीकी पहलुओं पर चर्चा की। 

मेट्रो प्रोजेक्ट कार्यों से संतुष्ट

यूपीएमआरसी एमडी ने उन्हें प्रोजेक्ट की प्रगति बताई। जिसके बाद उपाध्यक्ष ने कहा कि आगरा दुनियाभर में ताजमहल के लिए मशहूर हैं। यहां मेट्रो में निवेश से विदेशी पर्यटकों को सहूलियत मिलेगी। यूरोपियन पर्यटक भी ताजमहल देखने आते हैं। शहरवासियों को सबसे ज्यादा लाभ मिलेगा। वैश्विक जलवायु लक्ष्यों को हासिल करने में भी मेट्रो से मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि आगरा मेट्रो छठीं परियोजना है, जिसमें ईआईबी ने निवेश किया है। उन्होंने गोरखपुर में लाइट मेट्रो चलाने के निवेश पर सहमति देते हुए यूपी के अन्य शहरों में भी निवेश की इच्छा जताई है।

विज्ञापन

देश में तीन बिलियन यूरोनिवेश करेगा ईआईबी 

यूरोपियन निवेश बैंक ने ताजनगरी में मेट्रो के लिए 450 मिलियन यूरो यानी 3,860 करोड़ रुपये का निवेश किया है। इससे पहले कानपुर मेट्रो के लिए 650 मिलियन यूरो यानी 5,661 करोड़ रुपये, 2016 में लखनऊ के लिए 450 मिलियन यूरो का निवेश किया था। बैंक बेंगलुरु मेट्रो के लिए 500 मिलियन, भोपाल मेट्रो के लिए 400 मिलियन और पुणे मेट्रो प्रोजेक्ट में 600 मिलियन यूरो का निवेश कर चुका है। ईआईबी उपाध्यक्ष क्रिश्चियन केटल थॉमसन ने बताया कि बैंक भारत में तीन बिलियन यूरो का निवेश करेगा। इसमें 2 बिलियन यूरो की परियोजनाओं पर हस्ताक्षर हो चुके हैं।

दस शहरों में मेट्रो की योजना

यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक कुमार केशव ने बताया कि गोरखुपर लाइट मेट्रो प्रोजेक्ट राज्य सरकार से स्वीकृत होकर केंद्र सरकार के लिए गया है। लखनऊ व कानपुर में लगे समय से कम समय में आगरा मेट्रो कार्य पूर्ण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के दस शहरों में राज्य सरकार मेट्रो योजनाएं शुरू करना चाहती है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें