मुठभेड़ की जानकारी लेने जिला अस्पताल पहुंचे एसएसपी सुनील कुमार सिंह
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के एटा जनपद में पुलिस और बदमाशों की भिड़ंत हो गई। एटा-कोतवाली नगर के क्रिश्चियन कॉलेज के पास हुई लूट की सूचना पर कोतवाली देहात पुलिस और स्वाट टीम ने बदमाशों का पीछा कर एक बदमाश को गिरफ्तार किया है।
बदमाश के कब्जे से अवैध असलाह, कारतूस और घटना में प्रयुक्त लूटी गई मोटर साइकिल, मोबाइल व नकदी बरामद की गई है। मुठभेड़ के दौरान सिपाही गोली लगने से घायल हुआ है।
ये भी पढ़ें- मैनपुरी शोरूम में भीषण अग्निकांड, तीन मंजिला इमारत में रखा सामान खाक
एसएसपी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि विनय कुमार नाम के व्यक्ति ने फोन पर प्रभारी निरीक्षक थाना कोतवाली नगर अशोक कुमार सिंह को बुधवार रात करीब 12 बजे सूचित किया कि एक काले रंग की हीरो होंडा पैशन प्रो पर दो बदमाशों ने तमंचे के बल पर बजाज डिस्कवर मोटरसाइकिल, सैमसंग मोबाइल फोन और 4500 रुपए नकद लूट ली है। घटना थाना कोतवाली नगर क्षेत्रांतर्गत क्रिश्चियन कॉलेज के पास हुई है।
इस सूचना पर कोतवाली नगर, कोतवाली देहात पुलिस और स्वाट टीम ने आगरा रोड पर बदमाशों का पीछा किया। जावड़ा नहर पुल के पास पुलिस से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में दोनों ओर से हुई फायरिंग में अभियुक्त जुम्मन शाह के बाएं पैर और स्वाट टीम के एक आरक्षी महेंद्र प्रताप के दाहिने हाथ में गोली लगने से दोनों घायल हो गए।
मौके से घटना में प्रयुक्त बाइक, मोबाइल फोन और कुल 4500 रुपए नगद और एक तमंचा, कारतूस 315 बोर बरामद किए गए हैं। घायल आरोपी और आरक्षी को जिला चिकित्सालय एटा में भर्ती कराया गया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जुम्मन शाह के रूप में हुई है जो एक सक्रिय अपराधी है। थाना फरिहा जनपद फिरोजाबाद का हिस्ट्रीशीटर और टॉप-10 अपराधी है। जो डकैती, दोहरे हत्याकांड, लूट, जबरन वसूली और गैंगस्टर एक्ट जैसे जघन्य अपराधों को अंजाम दे चुका है।
उसके खिलाफ एटा, फिरोजाबाद और मैनपुरी के विभिन्न थानों में बीस से अधिक मामले दर्ज हैं। अन्य फरार बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।