शराब माफिया और कोतवाली देहात के चर्चित शराब कांड में सह अभियुक्त व गैंगलीडर बंटू यादव के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। करीब ढाई करोड़ रुपये की सभी चल-अचल संपत्तियां कुर्क करने के बाद अब उसका गाजियाबाद का फ्लैट भी सील किया गया है।
उत्तर प्रदेश के एटा जिले में चर्चित शराब कांड में सह अभियुक्त व गैंगलीडर बंटू यादव पर पुलिस शिकंजा कसती जा रही है। पिलुआ थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव दरिगपुर निवासी शराब माफिया पर एक और बड़ी कार्रवाई की गई है। गाजियाबाद के इंदिरापुरम में स्थित उसके फ्लैट को सील किया गया है। इससे पहले प्रशासन एटा में उसकी करीब ढाई करोड़ रुपये की संपत्ति को कुर्क कर चुका है।
विज्ञापन
पिलुआ थाना क्षेत्र के रहने वाले प्रदीप कुमार उर्फ बंटू यादव ने शराब के अवैध कारोबार में अकूत दौलत कमाई। अन्य अपराधिक वारदातों को भी अंजाम दिया। उसके ऊपर विभिन्न थानों में 27 मुकदमे दर्ज हैं। वह पुलिस रिकॉर्ड में गैंग लीडर है। कोतवाली देहात से गायब हुई शराब के मामले में भी बंटू का नाम आया था। जिस पर बंटू समेत पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई की गई थी। साजिशकर्ता के रूप में उसको जेल भेजा गया था। इसके बाद प्रशासन द्वारा उसकी संपत्तियों की पड़ताल कराई गई तो अधिकारी हैरत में रह गए।
16 अप्रैल 2021 को करीब ढाई करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति को प्रशासन ने कुर्क कर लिया था। गाजियाबाद में शनिवार को पिलुआ थाने के एसएसआई देवेंद्र कुमार टीम के साथ बंटू का फ्लैट सील करने के लिए पहुंचे। उन्होंने कार्रवाई के दौरान कोतवाली इंदिरापुरम की पुलिस सहित एसडीएम और तहसीलदार के साथ मिलकर उन्होंने फ्लैट को सील किया। फ्लैट की अनुमानित कीमत 50 लाख बताई गई है।