एटा: पुलिस ने पकड़ा बदमाशों का एक गिरोह
- फोटो : अमर उजाला
एटा कोतवाली देहात पुलिस और स्वाट टीम ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लूट-चोरी के आभूषण और नकदी बरामद की है। पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि बड़ी वारदात करने के बाद पीर बाबा पर चादर और बकरे की बलि चढ़ाते थे। पुलिस इसी गिरोह के तीन सदस्यों को पहले भी जेल भेज चुकी है।
एसएसपी उदय शंकर सिंह ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक कोतवाली देहात जगदीश सिंह और स्वाट टीम प्रभारी अनुज चौहान ने जावड़ा नहर के पास से अफसर उर्फ बादशाह व नसीब निवासी जाटऊ थाना नारखी फिरोजाबाद और सल्लू उर्फ सलमान निवासी नेवली थाना हाथरस जंक्शन हाथरस को गिरफ्तार किया है। लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण, 9500 रुपये और अवैध असलहा बरामद किए गए हैं।
खुशी में चढ़ाते थे बलि
एसएसपी का कहना है कि बदमाशों ने पूछताछ में बताया है कि छोटी घटना करने के बाद खुशी के तौर पर ग्राम जयापुर थाना घिरोर मैनपुरी स्थित हरसो प्यारी दरगाह पर चादर व मुर्गे की बलि चढ़ाते थे। जबकि बड़ी वारदात करने के बाद जलेसर क्षेत्र के मऊ रोड स्थित पीर बाबा की मजार पर चादर व बकरे की बलि चढ़ाते थे। वारदात से पहले दिन में फेरी आदि के काम से गांव-गांव जाकर जानकारी जुटाते थे। रात में घटना को अंजाम देते थे। 27 जून को इनके साथी शौकीन, यूनिस, अनिल उर्फ अजयप्रताप, संदीप उर्फ भरोसे और विजयप्रकाश को थाना बागवाला पुलिस और स्वाट टीम गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
बदमाशों ने यहां कीं वारदातें
आरोपियों ने जिले के अन्य थानों के अलावा फिरोजाबाद, कासगंज, मैनपुरी, हाथरस, आगरा आदि में भी भैंस चोरी तथा नकबजनी की घटनाओं का जुर्म कबूला है। गिरोह के सदस्य शहजाद निवासी ग्राम सिकंदरपुर थाना कोतवाली मैनपुरी, जीसान व अफसर खा निवासी ग्राम मेवली थाना हाथरस जंक्शन हाथरस फरार चल रहे हैं।
फिरोजाबाद: न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी, लिफाफे में बंद गेट पर मिला था पत्र, पुलिस अलर्ट