कासगंज रोड स्थित मंदाकिनी कॉलोनी के सामने बृहस्पतिवार की सुबह रोडवेज बस की चपेट में आने से एक व्यापारी की मौत हो गई। वह साइकिल से दूध लेने जा रहे थे। वहीं, गुस्साए परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह लोगों को समझाकर शांत कराया और जाम खुलवा कर यातायात को सुचारु कराया।
कोतवाली नगर के मोहल्ला शांती नगर वशिष्ठ धाम के निकट रहने वाले व्यापारी संजीव कुमार (40) पुत्र हरवीर सिंह बृहस्पतिवार की सुबह छह बजे साइकिल से दूध लेने के लिए निकले थे। जब वह कासगंज रोड स्थित मंदाकिनी कॉलोनी के पास पहुंचे तभी एक रोडवेज बस ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल भेजवाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक के साथ मोहल्ले के ही निवासी चचेरा भाई साथ में थे। उन्होंने परिजनों को हादसे की खबर दी। इसके बाद परिवार के लोग भी जिला अस्पताल पहुंच गए। इस दौरान गुस्साए लोगों ने शव को जिला अस्पताल के सामने नेशनल हाईवे रखकर जाम लगा दिया। संजीव के पिता हरवीर सिंह गांधी स्मारक इंटर कॉलेज से रिटायर्ड शिक्षक हैं। सदर विधायक विपिन वर्मा डेविड, आरएसएस के प्रांत कार्यवाह राजपाल सिंह सहित तमाम लोगों ने परिजनों को समझाकर जाम खुलवाया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।