राज्य कर्मचारी बीमा अस्पताल में शिविर में दी जाने वाली नि:शुल्क सरकारी दवाआें में घोटाला समाने आया है। बुधवार को आयोग निदेशक एसएम अब्बास ने छापा मारकर दो कमराें से करीब 20 कार्टन दवाएं जब्त की हैं। कमरों को सील कर आडिट टीम गठित करने का निर्णय लिया है।
कर्मचारी राज्य बीमा आयोग को शिकायत मिली कि कैंप आयोजन को दी जाने वाली दवाआें का बंदरबांट हो रहा है। कैंप की दवाएं अन्यत्र जगह ठिकाने लगाई जा रही हैं। इस पर आयोग निदेशक ने बुधवार को हास्पिटल में छापा मारा। कमरा नंबर 17 में दवाओं का जखीरा मिला। यहां 15 बड़े कार्टन में दवाएं भरी हुई थीं। पूछने पर हास्पिटल प्रशासन ने कैंप से बचा स्टाक बताया। निदेशक ने इसका रिकार्ड मांगा तो नहीं दे सके। इसी तरह कमरा नंबर 40 में पांच कार्टन दवाएं मिलीं। इसमें टैबलेट, सीरप, इंजेक्शन आदि पर रैपर नहीं थे। निदेशक को प्रथम दृष्टया दवाएं एक्सपायरी डेट की प्रतीत हुईं। आयोग निदेशक ने बताया कि हास्पिटल में दवाआें में धांधली मिली है। कैंप की दवाओं का रिकार्ड नहीं मिला है। मामले की जांच के लिए ऑडिट टीम गठित की जाएगी, जल्द यहां निरीक्षण होगा।