एसएन मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने मरीजों की सहूलियत के लिए एक और कदम उठाया है। आठ मई से मरीज मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों से वीडियो कॉल के माध्यम से घर पर रहते हुए परामर्श ले सकते हैं। इसके लिए एंड्राइड फोन में ई-संजीवनी ओपीडी (स्टे होम ओपीडी) एप डाउनलोड करनी होगी।
एसएन मेडिकल कॉलेज में ई-संजीवनी ओपीडी की नोडल अधिकारी डॉ. कामना सिंह ने बताया कि जो मरीज कोरोना संक्रमण की वजह से अस्पताल पहुंचकर इलाज नहीं कर पा रहे हैं। उनके लिए यह योजना मददगार साबित होगी। सोमवार से शनिवार तक सुबह नौ से दोपहर 12 बजे तक ई-संजीवनी ओपीडी का संचालन किया जाएगा। अब तक टेलीमेडिसिन ओपीडी में मरीजों को संबंधित फोन नंबरों पर महज बात करने की सुविधा दी जा रही थी। अब वह वीडियो कॉल के माध्यम से ज्यादा प्रभावी तरीके से अपनी समस्या बता पाएंगे और चिकित्सक बेहतर परामर्श दे सकेंगे।
ये प्रक्रिया अपनानी होगी
मरीजों या तीमारदारों को गूगल प्ले स्टोर पर जाकर ई-संजीवनी ओपीडी एप को एंड्राइड फोन में अपलोड करना होगा। इसके बाद लॉगिन करना होगा। लॉगिन करते ही उस दिन जिन चिकित्सकों की ओपीडी होगी, उनकी सूची सामने आ जाएगी। रोग से संबंधित चिकित्सक के नाम पर क्लिक करने पर वीडियो कॉल का विकल्प आएगा। कॉल करने पर संबंधित चिकित्सक से बात हो जाएगी।
जांच रिपोर्ट भी अपलोड कर सकेंगे
डॉ. कामना सिंह ने बताया कि मरीज एप पर जाकर अपनी जांच रिपोर्ट भी अपलोड कर सकेंगे। इसे देखकर चिकित्सक और बेहतर परामर्श दे सकेंगे। यही नहीं चिकित्सक से परामर्श के बाद मरीज डॉक्टर का पर्चा भी डाउनलोड कर सकेंगे।