आगरा में गुरु तेग बहादुर साहिब के तीन साहिबजादों का शहादत शताब्दी समागम शनिवार को गुरुद्वारा गुरु का ताल पर आयोजित किया जा रहा है। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। ऐसे में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। शहर में भारी वाहनों का प्रवेश दोपहर दो बजे से कार्यक्रम की समाप्ति तक प्रतिबंधित रहेगा। वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा।
यातायात पुलिस के मुताबिक फिरोजाबाद की ओर से इस दौरान हाईवे पर मथुरा की तरफ जाने वाले भारी वाहनों को कुबेरपुर कट से यमुना एक्सप्रेस-वे होकर गुजारा जाएगा। इसी तरह मथुरा की ओर से आने वाले भारी वाहनों को रैपुरा जाट से दक्षिणी बाईपास होकर रोहता नहर से दिगनेर वाया इनर रिंग रोड होकर गुजारा जाएगा। फिरोजाबाद से ग्वालियर और जयपुर की तरफ जाने वाले भारी वाहन कुबेरपुर कट से इनर रिंग रोड, रोहता नहर होकर निकाले जाएंगे।
जयपुर से आने वाले वाहन इनर रिंग रोड से जाएंगे
हाथरस से आने वाले वाहनों को खंदौली से एत्मादपुर होकर गुजारा जाएगा। इसी तरह ग्वालियर से हाथरस की ओर जाने वाले वाहन रोहता नहर से डायवर्ट होंगे तो वहीं ग्वालियर से फिरोजाबाद की ओर जाने वाले वाहन दिगनेर पुलिया से वाया इनर रिंग रोड होकर निकलेंगे। इसी तरह जयपुर से आने वाले वाहनों को इनर रिंग रोड, एक्सप्रेस-वे से होकर गुजारा जाएगा।