मैनपुरी। महाराजा तेज सिंह जिला अस्पताल में तैनात ईएनटी सर्जन पिछले आठ महीने से बिना बताए गायब चल रहे हैं। इसके चलते यहां आने वाले मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उचित उपचार के अभाव में मरीजों को मेडिकल कॉलेज सैफई और आगरा के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।
महाराजा तेज सिंह जिला अस्पताल में ईएनटी सर्जन के रूप में डाॅ. नितिन भार्गव की तैनाती है। वे पिछले आठ महीने से बिना बताए गायब चल रहे हैंं। विभाग की तरफ से उन्हें तीन नोटिस भी जारी किए गए लेकिन इसके बाद भी वे ड्यूटी पर नहीं लौटे हैं। इसके चलते जिला अस्पताल में आने वाले नाक, कान और गला के मरीजों को जिले से बाहर उपचार के लिए जाना पड़ता है। सीएमओ के निर्देश पर यहां बेवर से ईएनटी सर्जन के रूप में डॉ. शंभू सिंह की अस्थाई रूप से तैनाती की गई है।
वह वर्तमान में मेडिकल असेसमेंट कैंप में ड्यूटी कर रहे हैं। इसके चलते जिला अस्पताल आने वाले मरीजों को रेफर किया जा रहा है। शहर के मोहल्ला राजा का बाग निवासी कौशलेंद्र सिंह को पिछले कुछ दिनों से गले में दिक्कत थी। वे जिला अस्पताल पहुंचे यहां बताया गया कि डॉक्टर नहीं है। उन्होंने बाद में आगरा से उपचार लिया। सोमवार को करहल निवासी नौशाद को गले में दिक्कत होने के कारण जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। यहां ईएनटी सर्जन न होने के कारण उसे मेडिकल कॉलेज सैफई रेफर कर दिया गया।
डॉ. नितिन भार्गव पिछले आठ महीने से बिना बताए गायब हैं। उन्हें तीन नोटिस जारी किए जा चुके हैं। अब उन्हें जिला अस्पताल से हटाकर किसी दूसरे डॉक्टर की तैनाती के लिए स्वास्थ्य निदेशक को लिखा गया है। - डॉ. मदनलाल, सीएमएस