आगरा जलकल विभाग में बदलाव जारी है। महाप्रबंधक के निलंबित होने के बाद अब कई इंजीनियरों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है। निलंबित किए गए महाप्रबंधक के नजदीकी रहे कर्मचारी भी रडार पर हैं। उनके खिलाफ भी जल्द कार्रवाई के आसार हैं।
आगरा में पांच दिन पहले जलकल महाप्रबंधक अरुणेंद्र राजपूत के निलंबन के बाद नए महाप्रबंधक ने जलकल विभाग में इंजीनियरों का तबादला किया है। तीन इंजीनियरों को बदला गया है। इनमें ताजगंज जोन के अवर अभियंता राजीव कुमार को जलकल मुख्यालय के कंट्रोल रूम में तैनात किया गया है। उनके पास टैंकर और प्याऊ संचालन की जिम्मेदारी रहेगी।
विज्ञापन
छत्ता जोन के अवर अभियंता के ललित कुमार को ताजगंज जोन भेजा गया है। हरीपर्वत में नेशनल हाईवे के दायीं ओर क्षेत्र के अवर अभियंता विनीत चौधरी को पूरे हरीपर्वत जोन का प्रभार दिया गया है। नियमों के खिलाफ जाकर की गई नियुक्तियों और पाइप लाइन घोटाले के आरोप में निलंबित किए गए महाप्रबंधक अरुणेंद्र राजपूत के नजदीकी रहे कर्मचारी भी रडार पर हैं। उनके खिलाफ भी जल्द कार्रवाई के आसार हैं।
सुमित पचौरी की नियुक्ति में निलंबित हुए महाप्रबंधक
जलकल विभाग के महाप्रबंधक अरुणेंद्र राजपूत ने मृतक आश्रित के रूप में सुमित पचौरी की नियम विरुद्ध नियुक्ति की थी। इसी मामले में महाप्रबंधक राजपूत को प्रदेश सरकार ने 23 अप्रैल को निलंबित किया था। सोमवार को नवागत महाप्रबंधक ने मृतक आश्रित के रूप में नियुक्ति के बाद पीएचएस जलकल में तैनात सुमित पचौरी को अधिशासी अभियंता जलकल मुख्यालय से अटैच कर दिया गया है। आदेश में कहा गया है कि स्थानीय निकाय निदेशालय के निदेशक की जांच के कारण तत्काल प्रभाव से सुमित पचौरी को संबद्ध करने का आदेश जारी किया गया है।