मथुरा जनपद के सुरीर कोतवाली क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस वे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार अवर अभियंता की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अंकित कुमार (28) पुत्र मदनपाल निवासी छोटा मंदिर क्याम्पुर थाना व जिला बागपत, जिला मऊ में प्रधानमंत्री आवास शहरी योजना में अवर अभियंता के पद काम करते थे। शनिवार रात वह बागपत से मऊ के लिए नोएडा से यमुना एक्सप्रेस वे होते हुए बाइक से जा रहे थे। रविवार सुबह चार बजे माइल स्टोन 88 के पास अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। अंकित की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पर सुरीर पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अंकित के चाचा अरुण कुमार ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रामपाल सिंह भाटी ने बताया है कि तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।