भोगांव। नगर पंचायत द्वारा डुग्गी पिटवाकर अतिक्रमण हटाने के लिए दी गई चेतावनी के बाद मंगलवार को जीटी रोड बाईपास से अतिक्रमण हटाओ अभियान की शुरुआत हो गई। एसडीएम व क्षेत्राधिकारियों की देखरेख में सख्ती के साथ अभियान चला। इस बीच व्यापारियों ने विरोध भी दर्ज कराया। शाम होने के कारण बड़े बाजार एवं जगतनगर सब्जी मंडी में अभियान नहीं चल पाया।
मंगलवार को सुबह 11 बजे से कस्बा में अतिक्रमण हटाने के लिए कार्रवाई शुरू हुई। एसडीएम राजनारायण त्रिपाठी, सीओ चंद्रकेश सिंह, सीओ संतोष कुमार सिंह, ईओ आरके सिंह, प्रभारी निरीक्षक रविंद्र बहादुर सिंह भारी पुलिस बल और नगर पंचायत के कर्मचारियों के साथ अतिक्रमण हटाने पहुंचे। अभियान की शुरुआत जीटी रोड बाईपास से की गई। अधिकारियों की देखरेख में अभियान बस स्टैंड से लेकर सोमनाथ मंदिर तक, चौराहे से लेकर स्टेशन रोड तक बिना विरोध चला। पहले चरण में स्थायी कब्जों को बुलडोजर से जमींदोज कर दिया गया। अभियान की जानकारी मिलते ही घंटाघर बाजार से लेकर मुख्य बाजार, छोटा बाजार, पुरानी आलू मंडी तक लोगों ने अपने अतिक्रमण हटाने का काम स्वयं शुरू कर दिया। अधिकारियों के मुख्य बाजार में दुकानों के आगे डाले गए तख्तों, पटियों को तुड़वाया। दुकानों के बाहर लगे टिनशेड भी हटवाए गए। लोग अधिकारियों के सामने गिड़गिड़ाते नजर आए।
बिछवां में पुलिस ने फ्लाईओवर के नीचे से हटवाया अतिक्रमण
बिछवां। मंगलवार को थाना प्रभारी विदेश कुमार त्यागी ने पुलिस बल के साथ कस्बा के बाजार में सड़कों के किनारे एवं फ्लाईओवर के नीचे किए गए अतिक्रमण को हटवाया। थाना प्रभारी ने कहा कि अवैध रूप से अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों एवं डग्गामार वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।