कासगंज। नगर पालिका ने अभियान चलाकर दो मिष्ठान विक्रेताओं का सड़क से लगा अतिक्रमण हटवाया। विक्रेताओं से एक हजार रुपये का जुर्माना वसूला। वहीं पॉलिथीन का प्रयोग करने पर 3200 रुपये का जुर्माना वसूला।
मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक विनोद कुमार के निर्देशन में अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान छर्रा रोड पर दो मिष्ठान विक्रेताओं ने सड़क पर अतिक्रमण कर रखा था। उनके अतिक्रमण को हटवा दिया गया। प्रत्येक विक्रेता से पांच सौ-पांच सौ रुपये का जुर्माना लगाया। इसके साथ ही 14 दुकानदारों के यहां प्रतिबंधित पॉलिथीन मिली। इनके यहां से एक किलो पॉलिथीन की थैली जब्त की गई। इन दुकानदारों से 3200 रुपये जुर्माना वसूला। मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक ने कहा कि जिन दुकानदारों ने अतिक्रमण कर रखा है वे इसे हटा लें। अभियान के दौरान अतिक्रमण मिलने पर जुर्माना वसूलने की कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान सफाई एवं खाद्य निरीक्षक प्रमोद कुमार, सफाई नायक सुमित अग्रवाल, देवेश आदि मौजूद रहे।