आगरा के सिकंदरा क्षेत्र में एक पार्क के चारों ओर बने रास्ते पर स्थानीय व्यक्ति ने अतिक्रमण कर कब्जा कर लिया। निगम ने पहले उसे नोटिस थमाया। अब उस अवैध निर्माण पर लाल निशान लगाते हुए हफ्ते भर में हटाने के निर्देश दिए हैं। तय समय में अतिक्रमण न हटाने पर नगर निगम दिवाली बाद बुलडोजर से अवैध निर्माण पर कार्रवाई करेगा।
विज्ञापन
सिकंदरा एन्क्लेव निवासी गोपाल ने आईजीआरएस के माध्यम से शिकायत कर पार्क के चारों ओर बने रास्ते पर सुरेश अग्रवाल नामक व्यक्ति के कब्जा करने की शिकायत की। निगम के अवर अभियंता (जेई) हरी ओम ने अतिक्रमण की निशानदेही कर लाल निशान लगवा दिए। इसके साथ ही अतिक्रमण करने वाले को नोटिस जारी किया गया है।
नोटिस के बाद भी अतिक्रमण न हटाने पर दिवाली के बाद नगर निगम बुलडोजर की मदद से अवैध निर्माण को ध्वस्त कराएगा। अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक मार्गों पर किसी भी प्रकार का निजी निर्माण या कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आमजन के आवागमन में बाधा डालने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।