भूतेश्वर पर अतिक्रमण हटाता महाबली।
- फोटो : MATHURA
मथुरा। मंगलवार को भूतेश्वर से शुरू हुए अतिक्रमण हटाओ अभियान से दुकानदार बौखला गए। उनके द्वारा कई स्थान पर तीखा विरोध किया। पुलिस की मौजूदगी के चलते अभियान निर्बाध चलता रहा। अभियान के दौरान कई जगह पक्के अतिक्रमणों को भी ढहाया गया। निगम के अधिकारियों द्वारा बुधवार को भी अभियान चलाया जाएगा।
फुटपाथ और नाले के ऊपर कब्जा करके बैठे दुकानदारों को मंगलवार को नगर निगम के अधिकारियों ने हटा दिया। भूतेश्वर से शुरू हुए अतिक्रमण अभियान में चौराहे पर दुकानों के सामने रखे सामान को निगमकर्मी उठाकर ले गए, जबकि इससे आगे चलने पर पक्के अतिक्रमणों को तोड़ना शुरू किया तो कई दुकानदारों ने विरोध कर डाला। पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए अभियान को आगे बढ़ाया। बिजली घर पर निगम की दुकानों पर दुकानदारों द्वारा बनाए गए पक्के अतिक्रमण तोड़े गए। इससे आगे की ओर नालों पर लगी लकड़ी की दुकानों को हटा दिया गया। यहां पर करीब 8-10 दुकानें नेम प्लेट तथा साइन बोर्ड बनाने वालों की रखी हुईं थीं। दो स्थानों पर फुटपाथ पर जेनरेटर रखे मिले। इन्हें भी हटवाया गया।