किशनी के गांव नसीरपुर में बिजली न आने से प्रदर्शन करते ग्रामीण ।
किशनी। गांव नसीरपुर में 18 घंटे से बिजली आपूर्ति बंद होने से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त हो गया। ट्रांसफार्मर के पास खडे़ होकर ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। एसडीएम को जानकारी दी गई। इसके कुछ देर बाद आपूर्ति बहाल हो सकी।
सब स्टेशन चौराईपुर से भिटारा होते हुए नसीरपुर तक विद्युत आपूर्ति की जाती है। नसीरपुर के ग्रामीणों का आरोप है कि भिटारा में कुछ शरारती लोग उनके गांव की विद्युत आपूर्ति ठप कर देते है। जिसके चलते सोमवार की शाम 6 बजे विद्युत आपूर्ति बंद होने के बाद जब मंगलवार को सुबह 12 बजे तक जेई व लाइनमैन से शिकायत के बाद भी आपूर्ति बहाल नहीं हुई। इसके बाद ग्रामीणों का सब्र जबाव दे गया। ग्रामीणों ने प्रदर्शन करते हुए आपूर्ति सुचारू कराने की मांग की। फोन पर एसडीओ शेर सिंह से विद्युत व्यवस्था ठीक करवाने की मांग की। एसडीओ से शिकायत करने के 10 मिनट बाद ही नसीरपुर में बिजली आपूर्ति सुचारू हो गई। इसके बाद ग्रामीण अपने घर चले गए। प्रदर्शन करने वालों में मलखान सिंह, छविराम ,मुन्नालाल, सूरज, अंकित कुमार, शिवराज सिंह आदि शामिल थे।