गांव भटानी में टैंक में गिरे गोवंश को बाहर निकालते लोग।
- फोटो : गांव भटानी में टैंक में गिरे गोवंश को बाहर निकालते लोग।
मैनपुरी। थाना दन्नाहार क्षेत्र में सोमवार की रात एक सांड़ सेप्टिक टैंक में गिर गया। ग्रामीणों के काफी प्रयास के बाद भी बाहर नहीं निकल सका। इसके बाद दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सकुशल बाहर निकाला। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। पशु चिकित्सक को बुलाकर सांड़ का उपचार कराया गया।
दन्नाहार क्षेत्र के गांव भटानी में सोमवार की रात एक सेप्टिक टैंक का ढक्कन टूटा होने की वजह से एक सांड़ टैंक में गिर गया। जानकारी होने के बाद वहां लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। रस्सा डाल कर ग्रामीणों ने सेप्टिक टैंक में गिरे सांड़ को बाहर निकालने के काफी प्रयास किए लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद यूपी 112 और फायर बिग्रेड को सूचित किया गया। मौके पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने टैंक की स्थिति देखी। इसके बाद सबमर्सिबल चलवाकर उसमें पानी भरवाया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सांड़ के सिर में रस्सी बांध पेटी के सहारे सकुशल बाहर निकाल लिया। सांड़ के बाहर आने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। इस बीच पशु चिकित्सक को भी मौके पर बुलाकर सांड़ को उपचार दिलाया गया। ग्रामीणों का कहना था कि दमकल कर्मियों की सजगता से सांड़ की जान बच गई।