बरहन। थाना बरहन क्षेत्र के गांव बैनई खुर्द में बृहस्पतिवार सुबह कनेक्शनों और बिजली चोरी की जांच करने गई विद्युत विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। कर्मचारियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटने का आरोप है। कर्मियों ने वहां से भागकर अपनी जान बचाई। इसका वीडियो भी वायरल हुआ है। अवर अभियंता ने प्रधान समेत पांच लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।
अवर अभियंता चावली हरीओम ने बताया कि बृहस्पतिवार को दिन में करीब 11 बजे विद्युत विभाग की टीम गांव बैनई खुर्द में विद्युत कनेक्शनों और बिजली चोरी की जांच करने गई थी। बिजली चोरी की आशंका पर संजय से कनेक्शन की रसीद आदि मांगा गया है। आरोप है कि तभी संजय, बिजेंद्र, नत्थीलाल, अशोक आदि ने टीम पर हमला कर दिया। टीम में शामिल बाबूलाल, सरवन सिंह, संदीप कुमार, रूपेश कुमार, कंबो खां, प्रवेंद्र कुमार, यतेंद्र कुमार के आदि की पिटाई करने के साथ विभागीय दस्तावेज छीनकर फाड़ डाले।
अवर अभियंता ने तहरीर में लिखा है कि ग्राम प्रधान शिवराज सिंह उर्फ टीटू ने भी संविदाकर्मी कंबो खां को धमकाया। मामले में अवर अभियंता ने प्रधान समेत पांच लोगों के खिलाफ हमला करने, धमकी देने, अभिलेख फाड़ने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। थानाध्यक्ष बरहन ने बताया कि विद्युत कर्मचारियों पर हमला किए जाने की तहरीर मिली है। जांच कर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।