बिजली विभाग की मनमानी किसी से छिपी नहीं है। विभाग के मातहत हादसों को लेकर कभी गंभीर दिखाई नहीं देते। इसका जीता जागता उदाहरण भिटौना गांव में है। वहां पर विभाग ने एक बरगद के पेड़ पर इंसुलेटर लगाकर कर नलकूप चलाने के लिए तार खींच दिए।
इससे कभी भी हादसा हो सकता है। यह हालात तब हैं जबकि विभाग ने एक पोल भी यहां पर लगाया है हालांकि जानकारी होने पर प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लिया और बिजली विभाग के अफसरों को कार्रवाई के निर्देश दिए।
कासगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव भिटौना में एक निजी नलकूप के लिए किसी ने बिजली का कनेक्शन करीब दो साल पहले लिया गया था। विभाग ने नलकूप के पास लगे बरगद के पेड़ में इंसुलेटर लगाकर बिजली के तार खींच कर आपूर्ति शुरू कर दी। इस अस्थाई व्यवस्था के कुछ दिन बाद एक बिजली का पोल भी इसी पेड़ के पास लगा दिया। लेकिन इस पर आज तक तार नहीं खींचे गए हैं।