बिजली का बिल वसूलकर कर्मी फरार
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के कासगंज में बिजली उपभोक्ताओं से लाखों रुपये के बिल की वसूली करके कार्यदायी संस्था का बिजली कर्मचारी भाग गया। उसने करीब आधा सैकड़ा उपभोक्ताओं के साथ फ्रॉड किया। उनसे पैसे एकत्र किए और फरार हो गया।अधिकारियों की शिकायत पर पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
मामला सहावर थाना क्षेत्र स्थित बिजली उपकेंद्र का है। यहां उपभोक्ताओं से बिल वसूल करने वाली कार्यदायी संस्था का कर्मचारी 43 उपभोक्ताओं से संकलित किए गए 1,03108 रुपये लेकर फरार हो गया। कर्मचारी ने उपभोक्ताओं से पैसा लेकर उनकी रसीद तो काट दी थी, लेकिन धनराशि को खाते में जमा नहीं किया।
इस क्षेत्र में अक्टूबर में तैनात था कर्मी
विद्युत निगम के अवर अभियंता ने कार्यदायी संस्था और संबंधित कर्मचारी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। विद्युत उपकेंद्र सहावर देहात और सहावर टाउन पर बीएस टेक्नोलॉजी सोल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड ने बिल जमा करने के लिए बृजेश को तैनात किया। वह वर्ष 2022 में अगस्त माह से अक्टूबर माह तक इस क्षेत्र में तैनात रहा। इस दौरान कर्मचारी ने उपभोक्ताओं से बिल धनराशि की वसूली कर रसीद तो काट दी लेकिन धनराशि उपभोक्ताओं के नाम से खाते में जमा नहीं की। रुपये हड़पने के बाद कर्मचारी ने केंद्र पर आना भी बंद कर दिया।
कर्मचारी के विरुद्ध दर्ज की गई रिपोर्ट
मामले की जानकारी अधिशासी अभियंता ग्रामीण को हुई। उन्होंने संबंधित आरोपी कर्मचारी को बुलाया भेजा, लेकिन वह नहीं आया। अधिशासी अभियंता ने संबंधित कर्मी और कार्यदायी संस्था के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। उपखंड अधिकारी अरविंद झा और अवर अभियंता अभिषेक वर्मा ने थाना सहावर में मामले की रिपोर्ट कार्यदायी संस्था और कर्मचारी के विरुद्ध दर्ज कराई है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।