बाह: जैतपुर-नंदगवा मार्ग पर टूट कर गिरा पेड़ और बिजली का खम्भा
बाह। जैतपुर और बाह क्षेत्र में बृहस्पतिवार को तेज हवा के साथ हुई बारिश के दाैरान जैतपुर-नंदगवा मार्ग पर बिट्ठौना गांव के पास पेड़ संग बिजली का खंभा टूटकर गिर पड़ा, जिससे मार्ग पर जाम लग गया। मलबा हटाए जाने के आधे घंटे बाद आवागमन शुरू हो सका।
बाह के तकिया शहर में पेड़ टूटकर गिरने से बिजली की लाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे बस्ती की बिजली गुल हो गई। बासौनी चौराहे पर बारिश के दौरान उठी चिंगारी से डीपी जल गई, जिससे चौराहे क्षेत्र के दुकानदारों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं चित्राहाट के पई गांव में बारिश के चलते जमीन में धंसे खंभों के साथ अरुण कुमार का टिनशेड गिर गया, जिससे घरेलू सामान नष्ट हुआ है। बारिश के दौरान अधिकांश लाइनें ब्रेकडाउन में रही। बाह के एसडीओ नितिन माहेश्वरी, जैतपुर के एसडीओ शम्भूनाथ ने बताया कि बारिश थमने के बाद बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है, जिन इलाकों में लाइनें क्षतिग्रस्त हुई हैं, विभागीय टीमें दुरुस्त करने में जुटी हैं।