आगरा कैंट से जयपुर के बीच 13 दिसंबर को पहली बार इलेक्ट्रिक इंजन से ट्रेन चलेगी। यह ट्रेन है (02403) प्रयागराज-जयपुर स्पेशल एक्सप्रेस। अभी तक आगरा से जयपुर को जाने वाली ट्रेनें डीजल इंजन से ही दौड़ रही हैं। इस ट्रैक का विद्युतीकरण दो माह पहले ही हो चुका है।
इस ट्रैक पर इलेक्ट्रिक इंजन से ट्रायल भी हो चुका है। मुख्य संरक्षा आयुक्त (सीआरएस) भी इस ट्रैक का निरीक्षण कर चुके हैं। आगरा से बांदीकुई के बीच टावर वैगन भी दौड़ाई जा चुकी है। तकरीबन 241 किलोमीटर लंबे इस ट्रैक पर प्रयागराज-जयपुर स्पेशल ट्रेन को विद्युत इंजन के साथ दौड़ाया जाएगा।
इस संबंध में उत्तर मध्य रेलवे की ओर से निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इसके बाद 14 दिसंबर को जयपुर से प्रयागराज के बीच भी यह ट्रेन इलेक्ट्रिक इंजन से संचालित होना शुरू हो जाएगी। आगरा रेल मंडल के वाणिज्य प्रबंधक एसके श्रीवास्तव ने बताया कि आगरा जयपुर के बीच विद्युतीकरण पूरा हो चुका है। अब ट्रेन चलाई जाएगी।