11 फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को पोलिंग पार्टियां मंडी समिति से रवाना होंगी। इसके लिए गुरुवार को दिनभर मंडी समिति में तैयारियां चलीं। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच इलेक्ट्रोनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) को बक्सों में रखा गया।
जिले की नौ विधानसभा सीटों के 3411 बूथों के लिए शुक्रवार सुबह दस बजे पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी। कार्मिकों को सुबह सात बजे टूंडला रोड स्थित मंडी समिति बुलाया गया है। प्रत्येक पोलिंग पार्टी में पीठासीन अधिकारी के अलावा प्रथम मतदान अधिकारी, द्वितीय मतदान अधिकारी और तृतीय मतदान अधिकारी सहित कुल चार लोग होंगे। छावनी और दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में पहली बार वीवीपैट मशीन लगाई जाएगी। इसलिए इन दोनों विधानसभा क्षेत्रों के बूथों के लिए प्रत्येक पोलिंग पार्टी में एक अतिरिक्त सदस्य होगा।
मंडी समिति और जीआईसी
ग्राउंड पर वाहनों का जमघट
पोलिंग पार्टियों, मजिस्ट्रेटों और आव्जर्बरों के लिए प्रशासन की ओर से वाहनों का बंदोबस्त किया गया है। इसके लिए परिवहन विभाग के अलावा स्कूल-कालेज, ट्रेवल एजेंसी आदि के वाहन अधिग्रहीत किए हैं। गुरुवार को मंडी समिति पर भारी और जीआईसी ग्राउंड पर हल्के वाहनों की आमद दर्ज कराई गई।
यहां करें शिकायत
विधानसभा चुनाव से संबंधित शिकायतों के लिए निर्वाचन आयोग के निर्देश पर कलेक्ट्रेट में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। उपजिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार मालपाणी के अनुसार, 0562-2260550, 2250170, 2460022 या टोली फ्री नंबर 18001803140 पर कोई भी व्यक्ति अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है।
मतदाता पर्ची पर पोलिंग बूथ का गूगल मैप
आगरा। चुनाव आयोग ने इस बार मतदाताओं को एक और सहूलियत दी है। फोटो मतदाता पर्ची पर मतदाता की भाग संख्या, मतदान क्रमांक और मतदेय स्थल के नाम के साथ ही उसका गूगल मैप भी दिया है। इससे मतदाता को पोलिंग बूथ पर पहुंचने में कोई परेशानी नहीं होगी। मैप देखकर बूथ तक पहुंचा जा सकेगा।
पहले चरण का मतदान 11 फरवरी को है। बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं को फोटो मतदाता पर्ची बांट रहे हैं। इस बार फोटो मतदाता पर्ची का प्रिंट साइज में बड़ा किया गया है। इसमें बीएलओ का मोबाइल नंबर, हेल्पलाइन नंबर, जिला निर्वाचन कार्यालय की वेबसाइट की जानकारी भी है। इसके साथ ही पर्ची के पीछे गूगल मैप दिया गया है, जिस पर आसपास के मोहल्लों के नाम के साथ मतदेय स्थल, विधानसभा क्षेत्र, भाग संख्या की जानकारी स्पष्ट अक्षरों में लिखी गई है।