11 फरवरी को मतदान के दौरान सबसे ज्यादा पैनी निगाह बाह विधानसभा क्षेत्र पर रहेगी। इस क्षेत्र को अतिसंवेदनशील मानते हुए सबसे अधिक मजिस्ट्रेट लगाए जा रहे हैं। लगभग हर बूथ पर माइक्रो आब्जर्बर को बैठाया जाएगा। इतना ही नहीं जिले के नौ विधानसभा क्षेत्रों में से सबसे ज्यादा ऑनलाइन (वेबकास्टिंग) बूथ बाह विधानसभा क्षेत्र के ही होंगे। जिले के वरिष्ठ अधिकारियों सहित चुनाव आयोग सीधे इन पर अपनी नजर रखेगा।
विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण का चुनाव शनिवार को होना है। पिछले दिनों चुनाव आयोग को विभिन्न राजनीतिक दलों के माध्यम से मिली शिकायत और खुफिया विभाग की रिपोर्ट के आधार पर बाह विधानसभा क्षेत्र पर ज्यादा ध्यान दिया जा रहा है। जिले में कुल 84 जोनल मजिस्ट्रेट लगाए जा रहे हैं। इनमें से 16 बाह विधानसभा क्षेत्र में लगाए गए हैं। यहां 56 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 142 माइक्रो आब्जर्बर भी तैनात किए गए हैं। 60 बूथों की वेबकास्टिंग की जाएगी।
बता दें कि बाह के 142 बूथ संवेदनशील और 60 अतिसंवेदनशील श्रेणी में रखे गए हैं। निगरानी के मामले में दूसरे नंबर पर फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र है। यहां 14 जोनल व 38 सेक्टर मजिस्ट्रेट के अलावा 47 माइक्रो अब्जर्बर लगाए गए हैं। 35 बूथों की वेबकास्टिंग होगी। फतेहपुर सीकरी में 12 जोनल व 43 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 27 माइक्रो आब्जर्बर रहेंगे। खेरागढ़ में 9 जोनल व 39 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 41 माइक्रो आब्जर्बर लगाए गए हैं। 32 बूथों की वेबकास्टिंग होगी। ग्रामीण में 8 जोनल व 31 सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा 30 माइक्रो आब्जर्बर रहेंगे। 38 बूथों की वेबकास्टिंग। उत्तर में 4 जोनल व 26 सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा 20 माइक्रो आब्जर्बर लगाए गए हैं। 29 बूथों की वेबकास्टिंग होगी। दक्षिण में 4 जोनल व 27 सेक्टर मजिस्ट्रेट के अलावा 16 माइक्रो आब्जर्बर रहेंगे। 38 बूथों की वेबकास्टिंग होगी। छावनी में 5 जोनल व 30 सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा 20 माइक्रो आब्जर्बर रहेंगे। 38 बूथों की वेबकास्टिंग। एत्मादपुर में 12 जोनल व 35 सेक्टर मजिस्ट्रेट के अलावा 39 माइक्रो आब्जर्बर लगाए गए हैं। 30 बूथों की वेबकास्टिंग होगी।