प्रदेश में पहली बार ई-बैलट की शुरुआत ताजनगरी के उत्तर विधानसभा क्षेत्र से होने जा रही है। यहां के 59 सर्विस वोटर पहली बार ई-बैलट के माध्यम से मतदान करेंगे। इन सभी को ई-बैलट भेज दिए गए हैं। जिले के शेष अन्य आठ विधानसभा क्षेत्र के सर्विस वोटरों को पेपर बैलट भेजे गए हैं।
जिले में 4102 सर्विस वोटर हैं। सबसे अधिक सर्विस वोटर फतेहपुर सीकरी विधानसभा क्षेत्र में हैं। यहां के 1045 सर्विस वोटरों को पेपर बैलट भेजे गए हैं। इनके अलावा बाह के 648, ग्रामीण के 753, दक्षिण के 61, छावनी के 455, खेरागढ़ के 462, एत्मादपुर के 432, फतेहाबाद के 187 सर्विस वोटरों को पेपर बैलट भेजे गए हैं। इनके अलावा उत्तर विधानसभा क्षेत्र के 59 सर्विस वोटरों को ई-बैलट ईमेल किए गए हैं। उपजिला निर्वाचन अधिकारी/एडीएम वित्त एवं राजस्व राकेश कुमार मालपाणी के अनुसार, उत्तर विधानसभा क्षेत्र प्रदेश का पहला ऐसा विधानसभा क्षेत्र होगा, जिसके सर्विस वोटरों को पहली बार ई-बैलट प्रयोग करने का मौका मिलेगा।
इनसेट
ये है प्रक्रिया
एसडीएम योगेंद्र सिंह के अनुसार, सर्विस वोटरों की ई-मेल आईडी और मोबाइल नंबर फीड किए गए थे। संबंधित सर्विस वोटर की ई-मेल आईडी पर ई-बैलट भेजा गया। साथ ही उनके मोबाइल नंबर पर इस ई-बैलट पेपर को खोलने के लिए पिन नंबर दिया जाएगा। मेल आईडी से डाउनलोड करने के बाद यह ई-बैलट पेपर उक्त पिन डालने पर खुलेगा। इसे भरने के बाद सर्विस वोटर डाक के माध्यम से भेजेंगे।
इनसेट
बंदी वोटरों की सूची नहीं मिली
पहली बार जेल के कुछ बंदियों को वोट डालने की प्रक्रिया में शामिल किया गया है। इसके लिए प्रदेश स्तर से सभी जेल अधीक्षकों से अपनी-अपनी जेलों में बंद कैदियों का ब्योरा देने को गया था। ताकि संबंधित जिले के निर्वाचन विभाग से संपर्क साधकर पेपर बैलट का बंदोबस्त कराया जा सके और उनका वोट डलवाया जा सके। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी भारत सिंह के अनुसार, अब तक ऐसे एक भी बंदी वोटर का नाम उन्हें नहीं मिला है।