सहावर-गंजडुंडवारा मार्ग पर ऑटो व बाइक के बीच हुई थी भिडंत
संवाद न्यूज एजेंसी
कासगंज। सहावर-गंजडुंडवारा मार्ग पर रविवार दोपहर ऑटो और बाइक में आमने-सामने से भिड़ंत हो गई। हादसे में 5 लोग घायल हो गए। इसमें बाइक सवार वृद्धा की उपचार के दौरान मौत हो गई।
सहावर के गांव एगमा निवासी रितेश (22) पुत्र वेद प्रकाश रविवार दोपहर करीब 2 बजे मां प्रेमावती (60) के साथ बाइक से दवा लेकर अपने गांव लौट रहा था। गंजडुंडवारा मार्ग पर सामने से तेज गति से आ रहे ऑटो ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में रितेश व उसकी मां प्रेमादेवी और ऑटो चालक सोहेल (32) पुत्र शरीफ, नदीम (30) पुत्र सनी निवासी सेवनपुर और तौसीफ (35) पुत्र रफीक निवासी कनोई घायल हो गए। घायलों को पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया। जहां से रितेश, प्रेमावती और सोहेल की गंभीर हालतत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल भेज दिया। जिला अस्पताल में डॉक्टर ने वृद्धा को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने ऑटो को अपने कब्जे में ले लिया। सहावर सीओ शाहिदा नसरीन ने बताया कि सड़क हादसे में मृतक वृद्धा के शव का पोस्टमार्टम कराया है। परिजन की ओर से तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।