आगरा। सिकंदरा थाना क्षेत्र के दिल्ली हाईवे पर एक हॉस्पिटल में सीने में दर्द की शिकायत पर भर्ती फिरोजाबाद की एक महिला की शनिवार शाम मौत हो गई। इसके बाद परिजन ने अस्पताल और हाईवे पर जाम लगाकर हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस से तीखी बहस भी हुई। बाद में परिजन ने पोस्टमार्टम से मना किया और शव लेकर फिरोजाबाद रवाना हो गए।फिरोजाबाद के सुहाग नगर निवासी पन्ना लाल शर्मा नगर पालिका से सेवानिवृत्त हैं। दो बेटे मनोज, मुकुल रैना रोड पर संस्कार इंटरनेशनल और जेपीएस नाम से स्कूल संचालित करते हैं। उनकी बेटी सुमन ने बताया कि शुक्रवार को 72 वर्षीय मां बिशन देवी शर्मा को सीने में दर्द की परेशानी हुई। एक परिचित ने आगरा में दिल्ली रोड के एक हॉस्पिटल में भेजा।
परिजन का आरोप है कि वहां भर्ती कराने के बाद 24 घंटे तक कोई इलाज नहीं किया गया। एक लाख रुपये फीस नकद ली लेकिन कोई रसीद नहीं दी। शाम पांच बजे अस्पताल प्रबंधन ने पहले पुलिस बुलाई और फिर उन्हें मौत की जानकारी दी। इस पर परिजन ने हंगामा शुरू कर दिया। कर्मचारी अंदर कमरों में दुबक गए। पुलिस को परिजन को समझाने में करीब एक घंटा लग गया। इंस्पेक्टर सिकंदरा का कहना है कि हंगामे की सूचना पर पुलिस पहुंची थी। मृतका के परिजन ने पोस्टमार्टम नहीं कराया।