आरबीएस कॉलेज के पास कार की टक्कर से 70 वर्षीय स्कूटी सवार वेदन सिंह की मौत हो गई। हादसे के बाद भाग रहे कार चालकों को पुलिस ने सहाई गांव के पास पकड़ लिया।
आगरा के बोदला-बिचपुरी मार्ग पर आरबीएस कॉलेज के पास मंगलवार शाम कार की टक्कर से स्कूटी सवार बुजुर्ग की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना शाहगंज क्षेत्र के गांव पथौली के मजरा नगला अक्खे निवासी वेदन सिंह (70) प्रॉपर्टी डीलिंग का कार्य करते थे। उनके पुत्र अतर सिंह ने बताया कि वे मंगलवार को स्कूटी से प्रॉपर्टी के सिलसिले में किरावली और अछनेरा गए थे। शाम करीब चार बजे अछनेरा से घर लौटते समय आरबीएस कॉलेज के पास बिचपुरी की ओर से आ रही कार ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी उछलकर दूसरी कार से जा टकराई। हादसे में वेदन सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक कार लेकर भाग गए। पुलिस ने पीछा कर उन्हें सहाई गांव के पास पकड़ लिया। चौकी इंचार्ज ने बताया कि पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।