रामनगर। जनपद इटावा के जसवंत नगर क्षेत्र में रविवार की सुबह हुए सड़क हादसे में किशनी क्षेत्र के रामनगर निवासी एक वृद्ध की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिजन व रिश्तेदार शव लेने के लिए इटावा रवाना हो गए।
आगरा के रीछपुरा निवासी 65 वर्षीय नबाव सिंह भदौरिया पिछले करीब 20 साल से किशनी क्षेत्र के रामनगर स्थित अपनी ससुराल में मकान बनाकर रह रहे थे। रविवार की सुबह वह वह बोलेरो से चालक के साथ गांव रीछपुरा जाने के लिए निकले थे। गाड़ी जब जनपद इटावा में जसवंत नगर के पास पहुंची तभी गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर बिजली के खंभा से जा टकराई। बोलेरो खंभा से टकराने के बाद गाड़ी का दरवाजा खुल गया और नबाव सिंह सड़क पर सिर के बल जा गिरे। घटनास्थल पर एकत्र हुए लोगों ने घायल वृद्ध व चालक को मेडिकल कॉलेज सैफई में भर्ती कराया। वहां कुछ देर इलाज के बाद नबाव सिंह की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिजन व रिश्तेदार शव लेने के लिए इटावा रवाना हो गए।