Agra Nikay Chunav: शारीरिक अक्षमता और उम्र नहीं आई आड़े, अपना नेता चुनने मतदान केंद्र पहुंचे लोग
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के आगरा में गुरुवार को निकाय चुनाव के लिए मतदान संपन्न हो गया। आगरा। अगर आपके अंदर जज्बा हो तो उम्र, बीमारी और अक्षमता ये केवल शब्द हैं। कुछ ऐसा ही नजारा बृहस्पतिवार को शहर को विभिन्न मततान केंद्रों पर देखने को मिला। उम्रदराज और शारीरिक अक्षमताओं से पीड़ित लोग भी वोट डालने पहुंचे।
सिटी कॉन्वेंट स्कूल बल्केश्वर निवासी 75 वर्षीय सरदार सतवंत सिंह और उनकी धर्मपत्नी अमरजीत कौर पैरों में तकलीफ होने के बावजूद बेटों के साथ वोट डालने पहुंचे। वो कहते हैं कि वोट डालना हमारा कर्तव्य है। सनातन धर्म इंटर कॉलेज में मतदान करने पहुंचे 78 वर्षीय रामबाबू भी बेटे के साथ वोट डालने पहुंचे।
सुरक्षा कर्मियों ने भी किया सहयोग
कहते हैं दर्द तो बहुत है मगर मताधिकार का प्रयोग नहीं किया तो गलत व्यक्ति पांच साल तक तकलीफ देगा। सेवानिवृत्त बैंक कर्मी राम प्रकाश शर्मा भी मयूरी रिक्शा में बैठकर अकेले वोट देने पहुंचे। कहते हैं सरकार उम्रदराज लोगों का ध्यान रख रही है और केंद्र पर मौजूद सुरक्षा कर्मी भी सहयोग कर रहे हैं तो फिर भला अपने मताधिकार का प्रयोग क्यों न करें ?
परिजन सहारा देकर उन्हें बूथ तक ले गए
विजय नगर कॉलोनी स्थित सरस्वती शिशु मंदिर 65 वर्षीय विमला देवी भी शारीरिक अस्वस्थता के कारण चलने में असमर्थ थीं। लिहाजा उनके परिजन सहारा देकर उन्हें बूथ तक ले गए। स्वामीबाग हायर सेकंडरी स्कूल में जब योगेश मताधिकार के लिए पहुंचे तो हर कोई उनके जज्बे को देखकर हैरान रह गया। शारीरिक के साथ मानसिक दिव्यांग योगेश वोट देने के बाद प्रसन्न मुद्रा में फोटो खिंचवाते भी नजर आए।