फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अब एक के नाम पर एक ही कार

Thu, 27 Aug 2015 02:01 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
अगर आप को एक से अधिक कार रखने का शौक है तो यह आपके लिए दिक्कत खड़ी कर सकता है। अब ताज ट्रिपेजियम जोन (टीटीजेड) में एक व्यक्ति के नाम पर एक ही चार पहिया वाहन का पंजीकरण हो सकेगा। साथ ही वाहन पंजीकरण कराने वाले व्यक्ति को शपथपत्र देना होगा कि वाहन पार्किंग के लिए उनके पास पर्याप्त स्थान है। यह फैसला टीटीजेड में बढ़ते प्रदूषण की वजह से लिया गया है।
विज्ञापन

बुधवार को मंडलायुक्त प्रदीप भटनागर की अध्यक्षता में कमिश्नरी सभागार में ताज ट्रिपेजियम जोन प्रदूषण (निवारण तथा नियंत्रण प्राधिकरण) की 34वीं बैठक हुई। मंडलायुक्त ने बताया कि वायु प्रदूषण की रिपोर्ट में आगरा देश का 19वां सबसे प्रदूषित शहर बन गया है। आगरा में प्रतिवर्ष 78 हजार वाहनों का पंजीकरण किया जा रहा है। उस पर नियंत्रण की आवश्यकता है। उन्होंने आरटीओ को निर्देश दिए कि इस व्यवस्था को तत्काल शुरू  किया जाए। जो सीएनजी आटो 10 वर्ष से अधिक पुराने हैं, प्रतिस्थापन ई रिक्शा में कराया जाए।

15 साल पुराने वाहनों का पंजीकरण बंद
कमिश्नर ने कहा कि 15 वर्ष पुराने वाहनों का भी दोबारा पंजीकरण नहीं करने की व्यवस्था लागू करने के संबंध में जन सामान्य से आपत्तियां ली जाएं और उनका निस्तारण करने के बाद 31 दिसंबर से पंजीकरण बंद कर दिए जाएं।
विज्ञापन

कोयला भट्ठियों पर सख्ती
कमिश्नर ने शहर में संचालित पेठा इकाइयों में कोयले की भट्ठी बंद कराने पर प्रशासन की तारीफ की। साथ ही समय-समय पर औचक निरीक्षण करने का भी सुझाव दिया। एडीएम सिटी को नोडल अधिकारी बनाया गया है। वे हर बैठक में इसकी रिपोर्ट देंगे।
उपलों पर अफसरों की क्लास
कमिश्नर ने उपलों को जलाए जाने तथा इलेक्ट्रोप्लेटिंग इकाइयों के संचालन पर अभी तक पूर्ण रूप से प्रतिबंध न लग पाने पर नाराजगी जताई। इस पर प्रदूषण नियंत्रण के बोर्ड के अफसरों की क्लास ली।
पीडब्लूडी अफसरों को चेतावनी
मथुरा में हॉटमिक्स प्लांट और अन्य प्रदूषणकारी इकाइयों पर प्रतिबंध न लगा पाने पर मथुरा पीडब्लूडी के अधिशाषी अभियंता को कार्यप्रणाली में सुधार लाने की चेतावनी दी। साफ कहा कि जब वे इन पर प्रतिबंध नहीं लगा सकते तो टीटीजेड क्षेत्र में उनकी तैनाती का कोई औचित्य नहीं है।
पौधारोपण पर जोर
डीएफओ से कहा कि सिंचाई विभाग तथा वन विभाग मिलकर यमुना और नहरों के किनारे जनपद में सघन पौधारोपण करें। बैठक में आगरा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष मनीषा त्रिघाटिया, सचिव प्रभांशु श्रीवास्तव, फीरोजाबाद के नगर आयुक्त रामऔतार रमन, अपर जिलाधिकारी मथुरा, फीरोजाबाद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण उपस्थित थे।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें