फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सात घंटे छकाने के बाद पकड़ में आया अजगर

Wed, 26 Aug 2015 01:39 AM IST
ब्यूरो अमर उजाला, आगरा
विज्ञापन
विज्ञापन
महर्षिपुरम में सोमवार की रात करीब आठ बजे एक कार में घुसा पांच फुट लंबा और करीब 15 किलो वजन का अजगर तड़के करीब तीन बजे तक सनसनी का कारण बना रहा। पकड़ने वालों को वह सात घंटे छकाता रहा। गुरुद्वारा गुरु का ताल के भाई जोगा सिंह ने जब इसे पकड़ा तो लोगों ने राहत की सांस ली।
विज्ञापन

हुआ यूं कि महर्षिपुरम के ही मुकेश शर्मा यहां के यादव मार्केट से कुछ दूर पहुंचे ही थे कि उनकी वैगन आर कार की स्टेयरिंग में गड़बड़ी आ गई। वह कार सड़क किनारे खड़ी कर टूलकिट लेने घर गए। लौटे तो पिछले पहिए पर अजगर को देखा। जब तक कुछ करते वह पहिए से ऊपर पेट्रोल टंकी और बॉडी के बीच में घुस गया। वहां भीड़ लग गई। आसपास के लोगों ने कार को एक ओर से उठाकर घंटों प्रयास किए पर अजगर नहीं निकाला जा सका। लोगों की मदद से कार को ले जा रहे मुकेश शर्मा और साथी थक गए तो इसे कुसुम गार्डन के पास दलजीत सिंह के घर के बाहर ही छोड़ गए। बाद में दलजीत का बेटा सम्राट घर आया तो देखा कि यह वही कार है जिसमें अजगर छिपा है। फिर तो वह क्या उनके पड़ोसियों तक की नींद उड़ गई कि कहीं रात वह निकलकर उनके घर में न घुस जाए। इन परिवारों की महिलाएं-बच्चे तक बाहर ही डटे रहे।
पड़ोस में रहने वाले विनोद तिवारी, केपी सिंह और जगदीश आदि भी आ गए। गुरुद्वारे से ‘सर्प स्पेशलिस्ट’ भाई जोगा सिंह बुलाए गए। फिर वही कवायद। कार को सहारे से टेढ़ा खड़ाकर जोगा सिंह उसके नीचे घुसे। पर अजगर था कि डर के मारे और सिकुड़ जाता। काफी कोशिश के बाद में जोगा सिंह की सलाह पर ही कार को कुसुम गार्डन के सामने सड़क पर खड़ी कर सभी हट गए पर दूर से निगरानी जारी रही। शोर थमा तो रात करीब तीन बजे अजगर कार से बाहर आया। तभी भाई जोगा सिंह ने फुर्ती से उसे पहले पूंछ फिर डंडे के सहारे दबाकर गरदन से पकड़ लिया और गुरुद्वारा ले गए। वहगुरुवार को उसे वन विभाग को सौंपेंगे। भाई जोगा सिंह अब तक इस इलाके से ही चार अजगर और तीन कोबरा सांप पकड़कर विभाग को सौंप चुके हैं। बता दें, मुकेश शर्मा के मुताबिक उन्होंने शाम को कई बार कोशिश की लेकिन वन विभाग में किसी ने फोन नहीं उठाया।
विज्ञापन


विधि विज्ञान लैब में अजगर, दहशत
विधि विज्ञान प्रयोगशाला के विसरा परीक्षण सेक्शन में भी आए दिन सांप निकल रहे हैं। चार दिन पहले कोबरा सांप देखा गया। इसके बाद एक बड़ा अजगर वहां आ गया। वैज्ञानिक डर गए। वन विभाग की टीम बुलाई गई जो इसे पकड़कर ले गई। वैज्ञानिकों ने ज्वाइंट डायरेक्टर डाक्टर अतुल कुमार मित्तल को पत्र लिखकर इस ‘संकट’ से निजात दिलाने की मांग की। 
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें