यूपी के एटा में अलीगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में अपने परिजनों के साथ लग्न समारोह में गई नौ वर्षीय मासूम बालिका की दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई। आरोपी बच्ची का शव खेत में छोड़कर फरार हो गया।
मामले की जानकारी पर डीएम और एसएसपी समेत राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि पीड़िता के घर और जिला अस्पताल पहुंचे। इधर, घटना के बाद आरोपी की पहचान होने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
थाना अलीगंज क्षेत्र निवासी युवक का गुरुवार को लग्न समारोह था। लग्न समारोह में परिजनों के साथ नौ वर्षीय बच्ची भी शामिल हुई थी। लग्न समारोह में दावत चल रही थी। तभी मासूम बच्ची यकायक लापता हो गई।
काफी देर तक बच्ची के नहीं मिलने पर परिजनों ने बच्ची की तलाश शुरू कर दी। काफी तलाश के बाद बच्ची कार्यक्रम स्थल से कुछ दूर स्थित खेत पर मृत हालत में मिली।
बच्ची का शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पूछताछ में मृतका की चचेरी बहन ने बताया कि मृतका को पिंटू पुत्र ऋषिराम पानी मंगाने के बहाने अपने साथ ले गया था। पहचान होने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
डीएम और एसएसपी पहुंचे
इधर, घटना की जानकारी के बाद डीएम अमित किशोरी और एसएसपी अखिलेश चौरसिया समेत राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि पीड़िता के घर और जिला अस्पताल पहुंच गए।
पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार बच्ची की दुष्कर्म के बाद हत्या की गई है। बच्ची की मौत गला दबाकर दम घुटने से होना बताया जा रहा है। वहीं स्लाइड बनाकर जांच के लिए लैब भेजी गई हैं।