मैनपुरी। कुर्रा थाना क्षेत्र के गांव रुरी में रास्ते में मिट्टी डलवाने के विवाद में प्रधान के भाई पर जानलेवा हमला व फायरिंग के मामले में पुलिस ने आठ लोगों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से दो राइफल, दो तमंचा और कारतूस बरामद हुए। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।
गांव रुरी में एक रास्ते को सही कराए जाने के लिए प्रधान रामवीर ने मिट्टी डलवाने के लिए कहा था। शुक्रवार को उनका भाई महेश सिंह मिट्टी डलवा रहा था। तभी धीरज पक्ष के लोगों ने वहां आकर गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी। विरोध करने पर फावड़े से हमला करने के साथ ही कई राउंड फायरिंग की थी। गोलियां चलता देख वहां काम कर रहे मजदूर भाग गए थे।
मामले में प्रधान की ओर से धीरज, सुनील, सौरभ, रमेश, लज्जाराम, देवेंद्र, राकेश, श्याम सिंह, अरङ्क्षवद, विश्राम सिंह आदि के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। प्रभारी निरीक्षक सुदामा लाल ने बताया कि देर शाम मुखबिर की सूचना पर धीरज, देवेंद्र, सौरभ, दिनेश, संजय, अखिलेश, विकास और गौरव को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से दो राइफल, दो तमंचा और कारतूस बरामद किए गए। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। वहां से उन्हें जेल भेजा गया है।