आगरा में स्वाइन फ्लू के मरीज लगातार बढ़ रहे हैं। शनिवार को आई जांच रिपोर्ट में पुलिसकर्मी समेत आठ लोगों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई। भरतपुर और झांसी से भी एक-एक मरीज है। अभी तक एसएन कॉलेज की लैब में 452 नमूने जांच को आए, इसमें 116 में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है।
एसएन मेडिकल कॉलेज की वायरोलॉजी लैब में जांच के लिए 22 नमूने आए। जांच रिपोर्ट में एक पुलिसकर्मी को स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई। यह पुलिस अधिकारी के कार्यालय में कार्यरत हैं। इनके अधिकारी को भी स्वाइन फ्लू हो चुका है।
इसके अलावा देवरी रोड की चार साल की बालिका, शमसाबाद की 29 साल की महिला, वैभव नगर के 24 साल के युवक, आगरा कैंट के पांच साल के बालक और लोहामंडी के डेढ़ साल के बालक में भी इन्फ्लुएंजा ए एच1एन1 की पुष्टि हुई है। इनका इलाज शुरू कर दिया है। लैब में भरतपुर की 64 साल की महिला और झांसी के 51 साल पुरुष में भी स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है।
सीएमओ डॉ. मुकेश वत्स ने बताया कि स्वाइन फ्लू का मरीज मिलने के बाद परिजनों की भी जांच कराई जाती है। विशेषज्ञ निगरानी भी रखे हुए हैं। शनिवार को आठ नए मरीज मिले हैं, इसमें झांसी और भरतपुर के हैं।