कासगंज। कोतवाली क्षेत्र के सैलई रोड स्थित गांव टीकमपुरा क्षेत्र में हाईटेंशन विद्युत लाइन डालने के दौरान रविवार की शाम को अचानक तारों में करंट दौड़ गया। इससे आठ विद्युत ठेका कर्मी झुलस गए। इन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। यहां से एक कर्मी को रेफर कर दिया गया।
गांव टीकमपुरा में विद्युत निगम द्वारा करीब एक सप्ताह से हाईटेंशन लाइन डालने का काम चल रहा है। रविवार की शाम करीब छह बजे भी यहां तार लगाने का काम चल रहा था। इस दौरान भिटौना बिजलीघर से शट डाउन भी ले रखा था। अचानक ही तारों में करंट दौड़ गया। तार डालने का काम कर रहे आठ कर्मी गोपाल (22) निवासी भिटौना, दीपक (28) निवासी भिटौना, रोहित कुमार (22) भिटौना, तुलसी राम (45) निवासी कुबेर नगला सोरोंजी, रोहित (24) निवासी बड़पुरा कासगंज, जुगेंद्र (35) निवासी कुबेर नगला सोरोंजी, महेश (25) निवासी नगला ढक सिकंदराराऊ हाथरस, ललित कुमार (22) वर्ष निवासी बड़पुरा झुलस गए। उन्हें आनन फानन में अशोक नगर स्थित स्वास्थ्य केंद्र पर लाया गया। यहां से एक कर्मी रोहित निवासी बड़पुरा को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलने पर एएसपी राजेश भारती, एसडीएम संजीव कुमार और सीओ सिटी आंचल चौहान भी स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए। उन्होंने झुलसे हुए कर्मियों का हाल जाना और डॉक्टर की टीम को बेहतर उपचार किए जाने के निर्देश दिए।