कासगंज। अमरपुर बाईपास मार्ग पर रविवार सुबह गांव भैंसोरा खुर्द के पास ट्रक की चपेट में आने से ऑटो सवार 8 लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। पीड़ित एटा से गंगा स्नान करने के लिए सोरोंजी जा रहे थे।
जनपद एटा थाना रिजोर गांव सिकंदरपुर निवासी कृपाल सिंह (38), रंजना (8) पुत्री अजय पाल, पूजा (28), सूर्यांशी (5) पुत्री दीपू, बेनीराम (55) और नगला पीर थाना घिरोर जनपद मैनपुरी की हेमलता (28) रविवार सुबह दीपू के साथ ऑटो से गंगा स्नान के लिए सोरोंजी जा रहे थे। बाइपास मार्ग पर गांव भैंसोरा खुर्द के पास पीछे की ओर से आ रहे ट्रक से ऑटो में टक्कर लग गई। टक्कर से ऑटो सवार श्रद्धालु घायल हो गए। घटना के बाद राहगीर और आसपास के लोग मौके पर आ गए। चालक ट्रक सहित मौके से भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सदर सीओ आंचल चौहान ने बताया कि ट्रक की चपेट में आने से ऑटो सवार श्रद्धालु घायल हुए हैं। घायलों की ओर से अभी कोई तहरीर प्राप्त नही हुई है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी