कासगंज। माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा के लिए कोरोना संकट के कारण इस बार परीक्षा केंद्र बढ़ने की संभावना है लेकिन जिले में संचालित विद्यालय बोर्ड परीक्षा केंद्र के मानकों पर खरे नहीं उतर रहे। मात्र 35 प्रतिशत विद्यालय ही ऐसे हैं जो मानकों पर खरे उतरे हैं। ऐसे में परीषद के सामने परीक्षा केंद्र निर्धारण में समस्या आ सकती है।
इस बार परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की संख्या की सीमा 150 से 800 तक के मध्य निर्धारित की गई है। परीक्षा केंद्र के एक कक्ष में अधिकतम 25 परीक्षार्थी बैठाने के निर्देश है। ताकि परीक्षार्थियों के मध्य सोशल डिस्टेंसिंग बनी रहे। परिषद के द्वारा परीक्षा केंद्र बनाने के लिए विद्यालयों से आवेदन मांगे गए। आवेदन के साथ निर्धारित मानकों के संबंध में पूरी जानकारी मांगी गई। विद्यालय परीक्षा केंद्र निर्धारण के लालच में मानकों में हेरफेर न कर दे। इसके लिए सत्यापन की भी व्यवस्था की गई।
जिले में संचालित विद्यालयों के द्वारा जो ऑनलाइन आवेदन किए गए विभाग ने उनकी जांच कराई। जांच में विद्यालयों की कलई खुल गईं। मात्र 90 विद्यालय ही ऐसे निकले जिनके पास परीक्षा केंद्र निर्धारण संबंधी मानक पूरे पाए गए। जबकि 166 विद्यालयों में बोर्ड परीक्षा के लिए पूरे मानक नहीं हैं जिससे उनको परीक्षा केंद्र बनाया जा सके।