कासगंज। बंद पड़े ग्राम शिक्षा निधि के खातों का साढ़े तीन करोड़ रुपये परिषदीय स्कूलों ने सरेंडर कर दिया है। करीब चार साल से ये खाते बंद पड़े हैं।
बेसिक शिक्षा विभाग के परिषदीय स्कूलों में ग्राम शिक्षा निधि, प्रबंध समिति और मध्याह्न भोजन के अलग अलग खाते हैं। इन खातों में विभाग धनराशि भेजता है। ग्राम शिक्षा निधि के खातों का संचालन लगभग चार साल से नहीं हो पा रहा था। जबकि खातों में धनराशि जमा थी। इसके अलावा प्रबंध समिति के खातों में ड्रेस वितरण, विद्यालय मेंटीनेंस सहित अन्य कार्यों के लिए धनराशि पहुंची।
उसमें से भी पिछले माह मार्च माह तक कई मदों की धनराशि शेष बची हुई थी। इस धनराशि का कोई उपयोग नहीं हुआ। बेसिक शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों से इस धनराशि का ब्यौरा संकलित कराया। उसके बाद स्थिति स्पष्ट हुई कि लगभग साढ़े तीन करोड़ रुपये ग्राम शिक्षानिधि और प्रबंध समितियों के खातों में जमा था। इसका कोई उपयोग नहीं था। शासन के निर्देश पर बेसिक शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों से धनराशि सरेंडर करा ली है और यह धनराशि शासन को भेज दी है।
- जिस धनराशि का उपयोग ग्राम शिक्षानिधि और प्रबंध समिति के खातों से नहीं हो सका उसका ब्यौरा तैयार कराया गया। स्कूलों द्वारा सरेंडर की गई धनराशि शासन को भेज दी गई है। - अंजली अग्रवाल, बीएसए।