कासगंज। शिक्षकों की लापरवाही कम होने का नाम नहीं ले रही है। 22 शिक्षकों ने रिमांइडर के बाद भी नोटिस का जवाब नहीं दिया है। न ही पैन कार्ड की फोटोकॉपी जमा कराना ही जरूरी समझा। शिक्षकों की इस लापरवाही पर विभाग का रुख भी सख्त हो गया है। विभाग ने इन शिक्षकों के वेतन रोकने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जिले मेें 131 शिक्षक बदले हुए पैन नंबर से अपना वेतन ले रहे हैं। फर्जीवाड़े की आशंका को देखते हुए शासन ने जांच एसआईटी को सौंप दी है। इसके बाद शासन ने इन शिक्षकों से पैन कार्ड जमा कराकर जांच करने के आदेश जारी कर दिए। विभाग ने शिक्षकों को नोटिस जारी करके तीन दिन में अपना जवाब देने के लिए कहा।
साथ ही असली पैन कार्ड व एक छायाप्रति के साथ कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए। 104 शिक्षकों ने अपना जवाब देने के साथ ही पैन कार्ड की छायाप्रति जमा करा दी। शेष 27 शिक्षकों के लिए विभाग ने रिमांइडर जारी कर दिया। जिसके बाद 5 और शिक्षकों ने अपना स्पष्टीकरण दे दिया। जबकि 22 शिक्षक अभी भी लापरवाही बरत रहे हैं। जिसे विभाग ने गंभीरता से लेकर इनका वेतन रोकने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
- जिन शिक्षकों ने स्पष्टीकरण का जवाब नहीं दिया है और पैन कार्ड जमा नहीं किए हैं। उनकी सूची आख्या सहित बीएसए को उपलब्ध कराई जाएगी। जिससे इन शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके। - सुरेश कुमार, वित्त एवं लेखाधिकारी, शिक्षा विभाग।