फतेहाबाद। कस्बे में ओवररेट (तय कीमत से अधिक वसूली) के चालान को लेकर बुधवार को दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट, गाली-गलौज और लूटपाट के आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
अभिषेक पैंगोरिया पुत्र अंजीव पैंगोरिया निवासी कस्बा फतेहाबाद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 12 मार्च को बांट-माप निरीक्षक ने उनकी दुकान का चालान काटा था। दुकानदार का कहना है कि 10 वाला पान मसाला उन्हें 11 में मिल रहा है, जिसे उन्होंने 12 में बेचा था। आरोप है कि बुधवार को विभाग का एक व्यक्ति दुकान पर आया और चालान खत्म करने के बदले 5,000 की मांग की। इसी बात को लेकर विवाद हुआ और मारपीट की नौबत आ गई। दुकानदार ने इस दौरान लूटपाट का भी आरोप लगाया है। वहीं, दूसरे पक्ष के दिलीप सिंह पुत्र जंगजीत सिंह (निवासी साकेत नगर, फतेहाबाद) का कहना है कि वे बांट-माप विभाग में मरम्मत के लाइसेंस धारक हैं। बुधवार को वे रूटीन सत्यापन के लिए दुकान पर गए थे। दिलीप सिंह के अनुसार, जब अभिषेक ने चालान के बारे में बात की, तो उन्होंने उसे कार्यालय जाकर जमा करने की सलाह दी। आरोप है कि इसी बात पर दुकानदार भड़क गया और गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर दुकानदार ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया और मारपीट करते हुए उनके गले से सोने की चेन तोड़ ली। थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया दोनों पक्षों की ओर से मिली शिकायतों के आधार पर पुलिस जांच कर रही है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।