अछनेरा। इंडियन ओवरसीज बैंक की कीठम शाखा में करीब 44 लाख रुपये के गबन के मामले में पुलिस ने शाखा प्रबंधक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी ने फर्जी तरीके से ग्रामीण खाताधारकों के खातों से धनराशि निकालकर अपने और पत्नी के खाते में ट्रांसफर कर गबन किया था।
पुलिस के अनुसार, थाना अछनेरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कीठम स्थित इंडियन ओवरसीज बैंक के तत्कालीन शाखा प्रबंधक ऐश्वर्य कुमार पुत्र रविंद्र कुमार निवासी शीला सदन प्रेमनगर ध्यानचंद कॉलोनी थाना सीपरी बाजार जनपद झांसी ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए उच्च अधिकारियों के पासवर्ड का गलत इस्तेमाल किया। उसने शातिराना एक फिल्मी अंदाज का रुख अपनाया। इसके बाद उसने पांच ग्रामीण खाताधारकों के ऋण खातों से करीब 43 लाख 96 हजार 923 रुपये की धनराशि फर्जी तरीके से ट्रांसफर कर पहले पत्नी शालिनी के खाते में और फिर अपने खाते में डालकर गबन कर लिया। मामले का खुलासा होने पर वर्तमान शाखा प्रबंधक पंकज गौतम की तहरीर पर 16 जुलाई 2025 को थाना अछनेरा में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। अछनेरा पुलिस टीम ने मंगलवार को आरोपी को रायभा पुल के पास से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।