पुलिस हिरासत में कोर्ट जाते चारों संदिग्ध
- फोटो : अमर उजाला
हाथरस कांड के बाद मथुरा से गिरफ्तार किए गए कैंपस फ्रंट ऑफ इंडिया (सीएफआई) के चार सदस्यों से प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने बुधवार को पूछताछ शुरू कर दी है। विदेशों से चंदा लेकर दंगा भड़काने की साजिश के आरोप में जेल में बंद पीएफआई-सीएफआई के चार सदस्यों से ईडी की टीम ने पांच घंटे पूछताछ की।
अस्थाई जेल में पांच घंटे तक रही टीम ने आरोपियों से विदेश से की गई फंडिंग के संबंध में सवाल पूछे। इस दौरान जेल के बाहर और आसपास सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए गए।
मांट टोल प्लाजा पर पांच अक्तूबर को पुलिस ने हाथरस जा रही स्विफ्ट कार में सवार चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया था। पकड़े गए अतीकुर्रहमान निवासी नगला रतनपुरी मुजफ्फर नगर, आलम निवासी घेर फतेर खान कोतवाली रामपुर, सिद्दीक निवासी मल्लपुरम केरल तथा मसूद निवासी बहराइच से छह स्मार्टफोन और लैपटॉप बरामद हुआ था। जांच में पुलिस को जानकारी मिली थी कि ये लोग विदेशी फंडिंग से दंगा भड़काने की साजिश रच रहे थे। इसी उद्देश्य से हाथरस जा रहे थे। मांट थाने में चारों के खिलाफ राजद्रोह समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया।