आगरा। इलेक्ट्रिक वाहनों का बाजार टैक्स माफी की घोषणा के बाद उड़ान भरने की तैयारी में है। चार दिन पहले टैक्स लगने की योजना समाप्त होने से ई-वाहनों का बाजार ठंडा पड़ गया था। अब कारोबारियोें को छोटी और बड़ी दिवाली पर अच्छी बिक्री होने की उम्मीद है। धनतेरस पर बाजार में तेजी देखने को मिली और लोगों ने जमकर इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन खरीदे।
धनतेरस पर नए वाहन खरीदने का प्रचलन है। कारोबारी एक माह पहले से तैयारी शुरू कर देते है। त्योहार से पहले ई-वाहनों के बाजार पर टैक्स योजना समाप्त होने का बम फूटा। इससे ई-वाहन खरीदने वालों को पीछे हटना पड़ा। ऑटोमोबाइल कारोबारियों में भी मायूसी छा गई, करोड़ों रुपये का स्टॉक किया गया था।
अब योजना को दो साल के लिए बढ़ाने की घोषणा हुई है। इसका असर धनतेरस पर देखने को मिला। दोपहिया इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने के लिए शोरूम पर लोगों की भीड़ रही। कारोबारियों के हिसाब से धनतेरस पर 600 से अधिक दोपहिया वाहन और 30 से अधिक कारें बिकी हैं। छोटी और बड़ी दिवाली पर यह आंकड़ा बढ़ने की उम्मीद है। इसकी एक वजह शनिवार को धनतेरस पड़ना माना जा रहा है।
टैक्स के चक्कर में नहीं करा रहे रजिस्ट्रेशन
संभागीय परिवहन विभाग की तरफ से टैक्स संबंधी एक आदेश शनिवार को ई-वाहन बेचने वाले डीलरों को भेजा गया। इसके तहत टैक्स माफी की जानकारी दी गई है हालांकि वाहन का रजिस्ट्रेशन कराने पर टैक्स का विकल्प वेबसाइट पर आ रहा है। इसे हटने में कुछ दिन का समय लगेगा। इस वजह से डीलर वाहनों का रजिस्ट्रेशन कराने से बच रहे हैं।
-
बिक्री होने लगी है तेज
टैक्स लगने की घोषणा के बाद ई-वाहनों का बाजार ठंडा पड़ा। अब दोबारा से योजना को दो साल के लिए बढ़ा दिया गया है। इससे धनतेरस से ई-वाहनों की बिक्री तेज होने लगी है। दिवाली पर अधिक वाहन बिकने की उम्मीद है। - अभय अग्रवाल, ऑटोमोबाइल कारोबारी
ई-वी वाहन बने पसंद
इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों को लोग अधिक पसंद कर रहे है। टैक्स लगने से बाजार हल्का पड़ा था लेकिन अब लोग दोबारा से वाहन खरीदने आ रहे हैं। - अमरेंद्र जैन, ऑटोमोबाइल कारोबारी
-