- नगला बल सिंह के पास हुई दुर्घटना, घर में छाया मातम
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। थाना एलाऊ क्षेत्र में शनिवार की रात को गांव हरचंदपुर का रहने वाला ई-रिक्शा चालक पैदल ही आटा चक्की की ओर जा रहा था। तभी मार्ग से गुजर रहे किसी वाहन की चपेट में आकर मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही घर में चीख पुकार मच गई। पुलिस ने रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराया।
एलाऊ क्षेत्र गांव हरचंदपुर का रहने वाला 23 वर्षीय सुमित कुमार ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण पोषण कर रहा था। शनिवार की रात को वह पैदल ही गांव में स्थित चक्की पर जा रहा था। तभी नगला बल सिंह के पास मार्ग से गुजर रहे किसी वाहन ने उसे चपेट में ले लिया, टक्कर मारने के बाद चालक बाइक लेकर वहां से भाग निकला, हादसे की खबर मिलने के बाद परिजन मौके पर आ गए, स्थानीय लोगों की मदद से सुमित को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, वहां चिकित्सक ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाया। रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजन के सुपुर्द कर दिया।