आवास विकास में संचालित कोचिंग सेंटर।
मैनपुरी। जिले के कोचिंग और ई-लाइब्रेरी संचालक अधिकारियों के आदेश को हवा में उड़ा रहे हैं। शुक्रवार को हुई कार्रवाई के बाद भी शनिवार को संबंधित स्थानों पर ई-लाइब्रेरी और कोचिंग का संचालन हुआ। जबकि डीआईओएस और एसडीएम ने संबंधितों को तहखाने में तुरंत संचालन बंद करने के आदेश दिए थे।
शुक्रवार को डीआईओएस सतीश कुमार ने एसडीएम अभिषेक कुमार और सीओ सिटी अजय कुमार सिंह के साथ शहर के कोचिंग सेंटर और ई-लाइब्रेरी पर छापा मारा था। इस दौरान अधिकारियों ने आवास विकास में एक ई-लाइब्रेरी और कोचिंग सेंटर को तहखाने में संचालित पाया था। दोनों को चेतावनी दी गई थी कि तहखाने में किसी प्रकार से कोचिंग और ई-लाइब्रेरी का संचालन न किया जाए। कार्रवाई के दौरान एक भी पंजीकरण संबंधी अभिलेख नहीं दिखा सका था। इस पर डीआईओएस ने तीन के अंदर पंजीकरण संबंधी अभिलेख दिखाने के निर्देश संचालकों को दिए थे।
शनिवार को मोहल्ला आवास विकास में ई-लाइब्रेरी और कोचिंग रोज की भांति संचालित देखे गए। यहां अधिकारियों के आदेश का कोई असर नजर नहीं आया। रोज की भांति छात्र-छात्राएं भी यहां पढ़ते हुए नजर आए।
तहखाने में किसी को भी लाइब्रेरी और कोचिंग संचालित करने का अधिकार नहीं है। सभी तुरंत तहखाने में कोचिंग और लाइब्रेरी का संचालन बंद कर दें। चेतावनी के बाद भी यदि संचालन किया जा रहा है तो संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन को लिखा जाएगा।
सतीश कुमार, डीआईओएस