दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (डीवीवीएनएल) का बिलिंग एप 26 जुलाई की रात 10 बजे से दो बजे तक बंद रहेगा। चार घंटों के लिए डाटा सेंटर से डाटा रिकवरी सेंटर पर स्विच ओवर की कार्यवाही की जाएगी। इस वजह से बिलिंग, मीटरिंग, बिल संबंधी सभी काम, ऑनलाइन भुगतान, यूपीपीसीएल मोबाइल एप, स्मार्ट मीटर रिचार्ज सेवाएं, नए कनेक्शन के लिए आवेदन आदि सेवाएं ठप रहेंगी।
डीवीवीएनएल के अधीक्षण अभियंता-आईटी हरीश चौधरी ने बताया कि 26 जुलाई को चार घंटे तक स्विच ओवर के काम के बाद 29 जुलाई को भी चार घंटे के लिए बिलिंग एप बंद रहेगा। 29 जुलाई को भी रात 10 बजे से दो बजे तक बिलिंग एप बंद रहने से सेवाओं का संचालन ठप रहेगा। ऐसे में जिन्हें झटपट पोर्टल से नए संयोजन के लिए आवेदन करना है या अपने स्मार्ट मीटर को रिचार्ज करना है, वह स्विच ओवर के समय से पहले ही कर लें।
इन जिलों पर पड़ेगा असर
दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के तहत 21 जिलों आगरा, मथुरा, मैनपुरी, अलीगढ़, हाथरस, इटावा, एटा, फरूर्खाबाद, फिरोजाबाद, कानपुर, बांदा, झांसी, कानपुर देहात, कन्नौज, जालौन, उरई, हमीरपुर, महोबा, ललितपुर, चित्रकूट, कासगंज में बिलिंग एप के जरिये यह सभी काम नहीं हो सकेंगे। दक्षिणांचल डिस्कॉम इन जिलों में 4,38,42,782 लोगों तक बिजली पहुंचा रहा है।